National

अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा – कुछ लोग एक्सीडेंटल हिंदू हैं और उनका महाभारत का ज्ञान भी…

Anurag Thakur targeted Rahul Gandhi, said- some people are accidental Hindus and their knowledge of Mahabharata is also...

द लोकतंत्र : संसद के मानसून सत्र में पेश हुए बजट को लेकर सदन में चर्चा की जा रही है। इसी चर्चा में भाग लेते हुए आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाने पर लिया। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के महाभारत वाले बयान की जमकर आलोचना की। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, आप रील के नेता मत बनिए, खूब वायरल होती हैं। रियल के नेता बनिए जिसके लिए सच बोलना पड़ता है।

हंगामेदार रहा सत्र, राहुल गांधी और अनुराग ठाकुर भिड़े

दरअसल, राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सोमवार को सदन में कहा था कि भाजपा ने भारत की जनता को चक्रव्यूह में फंसाया है। राहुल गांधी ने महाभारत का ज़िक्र करते हुए कहा था कि सालों पहले अभिमन्यु के साथ किया गया था, वहीं आज भारत की जनता के साथ किया जा रहा है। राहुल गांधी के इसी बयान को लेकर बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने राहुल गांधी पर नाम लिए बिना जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि बजट पर चर्चा के दौरान एक नेता ने कमल पर कटाक्ष किया ना जाने कमल से क्या विरोध है।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा, हमारा चिह्न कमल है और जनता ने लगातार तीसरी बार सत्ता में बिठाने का काम किया है। कमल का मतलब राजीव होता है। आप जानते हैं कि किसका नाम है। इन्होंने कमल को हिंसा के साथ जोड़ने की बात कही। मां लक्ष्मी का आसन भी कमल है। हमारा राष्ट्रीयी पुष्प भी कमल है। कमल का अपमान नहीं कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को एक्सीडेंटल हिंदू बता दिया और कहा, कुछ लोग एक्सीडेंटल हिंदू हैं और उनका महाभारत का ज्ञान भी एक्सिडेंटल ही है। राहुल गांधी ने कभी महाभारत पढ़ा तो छोड़िए देखा भी नहीं होगा। शायद उनका भाषण अंकल सैम या अंकल सोरोस ने लिखकर दिया होगा।

शशि थरूर की किताब दि ग्रेट इंडियन नोबेल का ज़िक्र कर क्या कहा?

अनुराग ठाकुर ने कहा, मैंने महाभारत पर एक नई किताब पढ़ी जो उनकी ही पार्टी के सांसद (शशि थरूर) ने लिखी है। उस किताब का नाम है दि ग्रेट इंडियन नोबेल। राहुल गांधी को महाभारत और चक्रव्यूह के बारे में पूरी जानकारी लेनी है तो उनसे संपर्क कर सकते हैं। इस उपन्यास में धृतराष्ट्र किस नेता को कहा गया है, कौरव किस पार्टी कहा गया और दुर्योधन कौन है, जब इस बारे में राहुल गांधी को पता चलेगा तो कहीं उन पर कार्रवाई न हो जाए। ये लोग किताबें दिखाते तो हैं लेकिन पढ़ते नहीं हैं। संविधान हिलाते थे, मैंने पूछ लिया कि कितने पन्ने होते हैं वो भी नहीं बता पाए।

उन्होंने आगे कहा, इस उपन्यास के मुताबिक, जिस पार्टी के सर्वेसर्वा आप हैं, उसी पार्टी को कौरव कहा गया। मैं कोट करता हूं पेज नंबर 245 जिसमें देश के प्रथम प्रधानमंत्री को धृतराष्ट्र कहा गया है। अब इसमें धृतराष्ट्र किसको कहा गया। इसमें तो आगे इमरजेंसी की चर्चा भी है।

राहुल गांधी ने अनुराग ठाकुर को लेकर क्या कहा?

अनुराग ठाकुर के हमले के बाद राहुल गांधी ने कहा कि आप लोग मेरा जितना अपमान करना चाहते हैं खुशी से करिए। मगर एक बात मत भूलिए जाति जनगणना को हम यहाँ पास कर के दिखाएंगे। जो भी इस देश में दलितों की आदिवासियों की पिछड़ों की बात उठाता है उसको मैं ये सब गालियां ख़ुशी से खाऊंगा।

राहुल गांधी ने आगे कहा, महाभारत में अर्जुन को सिर्फ़ मछली की आंख दिख रही थी। मुझे भी सिर्फ़ मछली की आंख दिख रही है। हम जाति जनगणना करवा के दिखाएंगे। अनुराग ठाकुर जी ने मुझे गाली दी है, अनुराग ठाकुर जी ने मेरा अपमान किया है। मगर मुझे अनुराग ठाकुर से कोई  माफ़ी नहीं चाहिए। मैं लड़ाई लड़ रहा हूं जितनी आपको गाली देनी है, मैं आपसे माफ़ी नहीं मंगवाऊंगा। मुझे आपकी माफ़ी नहीं चाहिए।

Prajatantra Bharat News Desk

About Author

प्रजांतंत्र भारत एक समर्पित हिंदी न्यूज़ पोर्टल है जो लोकतंत्र के मूल मूल्यों को केंद्र में रखकर जनसरोकार, सत्ता की जवाबदेही और ज़मीनी मुद्दों की बेबाक रिपोर्टिंग करता है। यहां खबरें सिर्फ़ सूचना नहीं, एक सोच होती हैं- जो सवाल करती हैं, समझ बनाती हैं और बदलाव की राह दिखाती हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may also like

Sanjay Singh AAP
National

राज्यसभा सांसद संजय सिंह क्यों हुए निलंबित, क्या है निलंबन के नियम

द लोकतंत्र : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को सोमवार को उच्च सदन (राज्यसभा) में हंगामा और
HSBC
National

HSBC की रिपोर्ट में महंगाई का संकेत, 5 फीसदी महंगाई दर रहने का अनुमान

द लोकतंत्र : HSBC की रिपोर्ट में महंगाई के संकेत मिले हैं। एचएसबीसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि गेहूं

This will close in 0 seconds